नवा रायपुर अटल नगर।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित विधानसभा सचिवालय में आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र में कोरबा जिले से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर महिला प्रतिनिधित्व और सशक्तिकरण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

सत्र में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रेणुका राठिया, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, भाजपा महिला मोर्चा कोरबा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, वरिष्ठ नेत्री ज्योति वर्मा, महामंत्री स्वाती कश्यप, अनुसुईया राठौर एवं सुनीता पाटले विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने संबंधी शासकीय संकल्प सदन में प्रस्तुत किया। इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कोरबा से शामिल महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने इस संकल्प का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय महिलाओं को राजनीति और नेतृत्व में नई पहचान और मजबूत भागीदारी देगा। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं।
महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि ‘नारी शक्ति वंदन’ जैसे कदमों से देश और प्रदेश की मातृशक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी। आने वाले समय में महिलाएं नीति निर्माण और नेतृत्व की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त भूमिका निभाती नजर आएंगी।
