कोरबा। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला कोरबा के अध्यक्ष वैभव शर्मा ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

वैभव शर्मा ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर ज्ञानेश्वरी ने न केवल देश के लिए पदक जीता, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा ज्ञानेश्वरी यादव को 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की खेल एवं युवा हितैषी नीतियों का ही परिणाम है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और समर्पण के साथ निरंतर प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा खेलों के प्रति उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी।
वैभव शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार मातृशक्ति और युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है, जिससे प्रदेश खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
