
बालको के लोकप्रिय नेता लुकेश्वर चौहान (लुक्की) को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला मंत्री बनाए गए
कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय और लोकप्रिय नेता, बालको क्षेत्र के पूर्व पार्षद लुकेश्वर चौहान (लुक्की) को पार्टी संगठन ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला मंत्री नियुक्त किया है।
लुकेश्वर चौहान बालको क्षेत्र में भाजपा संगठन के सबसे अनुभवी और सक्रिय नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वे पूर्व में वार्ड अध्यक्ष, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा अध्यक्ष, दो बार मंडल महामंत्री तथा वार्ड क्रमांक 39 कैलाश नगर से दो बार पार्षद रह चुके हैं।
इसके अलावा वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला कार्यसमिति सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। संगठन के प्रति उनके लंबे अनुभव और समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।
बालको क्षेत्र में लुकेश्वर चौहान की युवा वर्ग, महिला वर्ग, स्थानीय कर्मचारियों और मजदूर वर्ग में मजबूत पकड़ मानी जाती है। भाजपा बालको मंडल में उन्हें “बूथ मैनेजमेंट गुरु” के नाम से भी जाना जाता है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके अनुभव और नेतृत्व से संगठन को सामाजिक एवं स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।
जिला मंत्री बनाए जाने पर लुकेश्वर चौहान ने प्रदेश संगठन, जिला संगठन, माननीय मंत्री, विधायक, रायपुर सह संगठन प्रभारी, भाजपा जिला अध्यक्ष, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं जिला अध्यक्ष सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांतों से प्रेरित होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करते रहेंगे।
